राहुल से नाराज हुए कई बड़े कांग्रेसी, पीएम प्रोजेक्ट करने पर भी मतभेद
नई दिल्ली. राहुल
गांधी को पीएम प्रोजेक्ट करने को लेकर कांग्रेस के
वरिष्ठ नेताओं की अलग-अलग राय सामने आई है। दिग्विजय सिंह का साफ मानना है कि
अभी राहुल को पीएम प्रोजेक्ट नहीं करना चाहिए, जबकि सलमान खुशी इस राय के खिलाफ
हैं। उधर, बताया जा रहा है कि
राहुल भी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के कामकाज के तरीकों से खुश नहीं हैं। इसलिए
जल्द ही वह नई टीम भी बना सकते हैं। राहुल की नाराजगी की वजह यह मानी जा रही है कि
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उनके फैसलों को क्रियान्वित नहीं कर रहे हैं। इस वजह से
राहुल को राष्ट्रीय राजनीति में गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। पार्टी के कई
नेता भी राहुल
गांधी के काम करने के अंदाज और पार्टी नेताओं के साथ उनके व्यवहार से नाखुश
बताए जाते हैं।
रीडिफ न्यूज के सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी पिछले काफी दिनों से यह मांग करते
रहे हैं कि वह और ज्यादा अधिकारों के साथ पार्टी और
सरकार के फैसले लेना चाहते हैं। लेकिन ऐसा नहीं हो पा रहा है। लोकसभा चुनावों
से ठीक पहले वह खुद की इस तरह की स्थिति से नाखुश हैं। सूत्रों का कहना है कि
प्रियंका गांधी का अचानक से सक्रिय होने की यह वजह है। प्रियंका
गांधी पार्टी के नेताओं और राहुल गांधी के बीच मध्यस्थता का काम रही
हैं।
प्रियंका
गांधी ने मंगलवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ मुलाकात की थी। बताया जा
रहा है कि आने वाले दिनों में भी यह सिलसिला चलता रहेगा।
यह भी बताया जा रहा है कि नाराजगी के कारण ही राहुल ने 10 जनवरी को
प्रस्तावित अपने लोकसभा क्षेत्र अमेठी का दौरा रद्द कर दिया। सूत्रों की मानें तो
राहुल गांधी लोकसभा चुनाव अपनी मां सोनिया गांधी के लोकसभा क्षेत्र रायबरेली से
लड़ना चाहते हैं। आम आदमी पार्टी के कुमार विश्वास के अमेठी से लोकसभा चुनाव लड़ने
की घोषणा कर चुके हैं। ऐसे में अब राहुल का अमेठी से चुनाव न लड़ना एक गलत संदेश
देगा।
सूत्रों का कहना है कि जब से राहुल गांधी ने संगठन की जिम्मेदारी संभाली है और
अपने मुताबिक फैसले करने की कोशिश की है, तब से पार्टी के भीतर स्थिति बिगड़ने लगी
है।
Source : http://www.bhaskar.com/article/NAT-cong-outsources-drafting-of-aicc-resolution-4489509-PHO.html?google_editors_picks=true